रुपये 50,000/- के ईनामी को आगरा से दबोच लायी सीबीसीआईडी, उत्तराखण्ड

रुपये 50,000/- का ईनामी फरार अभियुक्त को सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून की टीम आगरा, उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर हरिद्वार ले आयी है, जहाँ पर उसे मा0 न्यायालय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून पिछले कई वर्षों से कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार, जनपद हरिद्वार में हुई धोखाधड़ी कर निवेशकों का पैसा हड़पकर फरार होने वाली कानपुर, उत्तर प्रदेश की धेनु ग्रुप की विभिन्न कम्पनियों के फरार निदेशकों अनिल कुमार तिवारी तथा देवेंद्र प्रकाश तिवारी की तलाश कर रही थी। उक्त फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पर अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था महोदय उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय द्वारा 50-50 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी, उत्तराखण्ड श्री प्रदीप कुमार राय ने बताया कि फरार चल रहे वांछित अभियुक्त अनिल कुमार तिवारी को सीबीसीआईडी द्वारा पहले ही माह दिसम्बर 2025 में कल्याण, मुंबई से गिरफ्तार कर चुकी है। दिनांक: 06-05-2026 को मुकदमें के विवेचक/निरीक्षक श्री वेद प्रकाश थपलियाल द्वारा एसटीएफ, उत्तराखण्ड एवं एसटीएफ कानपुर, उत्तरप्रदेश के साथ संयुक्त अभियान के तहत रुपये 50,000/- के ईनामी देवेंद्र प्रकाश तिवारी को थाना डौकी आगरा, उत्तर प्रदेश क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। जिसे आज दिनांक: 07-05-2026 को मा0 न्यायालय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, हरिद्वार में सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून की टीम द्वारा प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी, उत्तराखण्ड श्री प्रदीप कुमार राय द्वारा बताया गया कि कोतवाली ज्वालापुर में पंजीकृत धेनु एग्रो प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड के सभी 06 नामजद आरोपियों के विरुद्ध सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून के सेक्टर प्रभारी/अपर पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून श्री आशीष भारद्वाज के नेतृत्व में घोषित वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर दी गयी है। श्री आशीष भारद्वाज ने बताया कि अभियुक्त देवेंद्र प्रकाश तिवारी तथा अनिल कुमार तिवारी उत्तर प्रदेश के कानपुर, बरेली, लखीमपुरखीरी, जालौन, उरई सहित कई शहरों में 01 दर्जन से ज्यादा धोखाधड़ी के मुकदमों में पंजीकृत हैं। जिनमें दोनों अभियुक्तगण पिछले लगभग 06 वर्षों से फरार चल रहे थे। सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून द्वारा दोनों को गिरफ्तार कर जेल के सलाखों के पीछे पहुँचा दिया गया।
सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून की पुलिस टीम:-
1- विवेचक/निरीक्षक वेद प्रकाश थपलियाल, सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून।
2- कान्स0 कर्मवीर सिंह, सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून।
3- कान्स0 चालक मनोज राणा, सीबीसीआईडी, सेक्टर देहरादून।


